@जे0 के0…..

Sonbhadra । देशहित में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आह्वान के अनुपालन में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में सर्राफा व्यापारियों, बुलियन कारोबारियों, राज्य कर विभाग के अधिकारियों तथा सर्राफा एसोसिएशन पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और स्वर्ण आयात में संतुलन बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत विश्व के प्रमुख स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है, जिससे हर वर्ष बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय युद्ध, वैश्विक अस्थिरता और डॉलर की बढ़ती मांग के कारण सोने के आयात की लागत में वृद्धि हो रही है, जिसका असर देश की आर्थिक स्थिति और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में राष्ट्रहित सर्वोपरि रखते हुए व्यापारी वर्ग की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।
उन्होंने अपील की कि बुलियन यानी सोना-चांदी की ईंट एवं बिस्कुट की अनावश्यक खरीद-बिक्री और निवेश को सीमित किया जाए, ताकि स्वर्ण आयात में कमी लाकर विदेशी मुद्रा की बचत की जा सके और आर्थिक स्थिरता को मजबूती मिले।

बैठक में उपस्थित व्यापारियों और सर्राफा एसोसिएशन प्रतिनिधियों ने प्रशासन की अपील का स्वागत करते हुए राष्ट्रहित में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने बताया कि जनपद में अधिकांश कारोबार आभूषणों की खरीद-बिक्री पर आधारित है और बड़े स्तर पर बुलियन व्यापार नहीं होता। उन्होंने कहा कि वे शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए आम लोगों को भी अनावश्यक बुलियन निवेश से बचने के लिए जागरूक करेंगे।
बैठक के अंत में व्यापारियों ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के सामान्य होने तक शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए राष्ट्रहित में सहयोग देने का संकल्प लिया।