@जे0 के0……

Sonbhadra । जनपद सोनभद्र के मारकुंडी क्षेत्र अंतर्गत कोनियावा गांव के लिए गर्व की खबर सामने आई है। गांव निवासी पप्पू पुत्र आकाश ने इंटरनेशनल कराटे ट्रायल पास कर नेपाल में आयोजित होने वाली कराटे चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त किया है। आकाश विदेश की धरती पर भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन करेंगे।
जानकारी के अनुसार, शिवाको रॉक थंडर शोतोकान कराटे एसोसिएशन ऑफ सोनभद्र के कराटे खिलाड़ी सनी कनौजिया के बाद अब आकाश को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिला है। छोटे से गांव कोनियावा, मारकुंडी के रहने वाले आकाश की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

ट्रायल पास होने के बाद उनके सुपर गुरु शेहान सुरेश पाल, ट्रेनर कोच सेंसेई किशन राज तथा आकाश के पिता ने उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए भारत माता के लिए स्वर्ण पदक जीतने का आशीर्वाद दिया।
ट्रेनर कोच सेंसेई किशन राज ने बताया कि सलखन स्थित गांधी निधि खेल मैदान में कराटे प्रशिक्षण के लिए दूर-दूर से बच्चे आते हैं।
यहां के खिलाड़ी हर वर्ष प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष इंटरनेशनल स्तर पर खेलने का मौका मिलना जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
आकाश की इस उपलब्धि पर गांव के सम्मानित लोगों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें जीत की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।