संवाददाता@आनन्द गुप्ता….

विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव निवासी 23 वर्षीय चंद्रमणि यादव उर्फ पारस पुत्र खुशिहाल यादव की सोमवार की रात सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार समेत पूरे गांव में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मृतक की शादी इसी माह 12 मई को झारखंड राज्य के धुरकी थाना क्षेत्र के कदवा गांव में हुई थी। शादी के महज आठ दिन बाद हुए इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात करीब नौ बजे चंद्रमणि घर से कुछ दूरी पर घरेलू सामान लेने दुकान गया था। सामान लेकर वह वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दुद्धी-विंढमगंज रीवा-रांची मार्ग पर जोरूखाड़ गांव स्थित जेपी इंटर कॉलेज के पास दुद्धी की ओर से विंढमगंज जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।

ग्राम प्रधान विमल यादव की सूचना पर विंढमगंज पुलिस सक्रिय हुई और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक खड़ा कर दूसरे दरवाजे से फरार हो गया।
इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए रीवा-रांची मार्ग जाम कर दिया।
सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक नंदकिशोर यादव ने पुलिस बल के साथ लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। मृतक अपने पिता का बड़ा पुत्र था। उसकी नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही है।