@जे0 के0…….

Sonbhadra । जनपद स्थित मेडिकल कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई है।
पत्र में बताया गया है कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से इमरजेंसी सेवाओं में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गंभीर मरीजों की जान पर बन आ रही है।
शिकायत के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को भी इमरजेंसी वार्ड में बिजली गुल रही, जिससे उपचार व्यवस्था प्रभावित हुई। वहीं एल-2 वार्ड का शौचालय पूरी तरह जाम बताया गया है, जबकि एल-3 में पानी की सप्लाई ठप है। इसके अलावा लेक्चर हॉल में पानी भर जाने से करोड़ों रुपये के उपकरण खराब होने का खतरा पैदा हो गया है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि डीसीएच (डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड हेल्थ) यूनिट में भी अव्यवस्थाओं के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच कराकर मेडिकल कॉलेज को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने, तथा बिजली, पानी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस संबंध में जिलाधिकारी सोनभद्र को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रतिलिपि प्रेषित की गई है।