मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन…….

जनपद में बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और उपभोक्ता अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब पारंपरिक बिजली बिल की जगह स्मार्ट प्रीपेड मीटर प्रणाली लागू की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को “पहले उपयोग, फिर भुगतान” के बजाय “पहले भुगतान, फिर उपयोग” का विकल्प मिलेगा।
ज्ञानेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल सोनभद्र नें गुरुवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया की इस नई व्यवस्था में उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन की तरह ही बिजली का रिचार्ज कर सकेंगे। इसके लिए UPPCL smart app को डाउनलोड कर उपभोक्ता अपने बिजली खपत और बैलेंस की जानकारी रियल टाइम में देख सकते हैं। ऐप के माध्यम से उपभोक्ता मासिक, दैनिक और प्रति घंटे की खपत पर नजर रख सकते हैं, जिससे अनावश्यक खर्च पर नियंत्रण संभव होगा।
नई प्रणाली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि बिजली कटने पर अब उपभोक्ताओं को बिजलीघर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जैसे ही उपभोक्ता रिचार्ज करेंगे, बिजली आपूर्ति स्वतः बहाल हो जाएगी। इसके अलावा यह मीटर भविष्य में सोलर ऊर्जा के उपयोग के लिए भी तैयार है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना प्रीपेड बैलेंस हमेशा सकारात्मक बनाए रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
साथ ही, इस स्मार्ट प्रणाली में डेटा की गोपनीयता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर न केवल बिजली चोरी पर अंकुश लगाएगा, बल्कि उपभोक्ताओं को अपने खर्च पर बेहतर नियंत्रण भी देगा। कुल मिलाकर, यह पहल डिजिटल भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।