@जेo केo/सोनभद्र…….
— प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की जांच में मिली भारी अनियमितताएं, अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध

Sonbhadra । उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद शुक्रवार को जनपद के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने बड़े जलाशयों में चल रही मछली पालन योजनाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत संचालित केज कल्चर परियोजना में भारी अनियमितताएं सामने आईं, जिससे मंत्री बेहद नाराज नजर आए।

मंत्री ने रिहंद बांध और ओबरा डैम का निरीक्षण किया, जहां कई केज में मछली पालन पूरी तरह बंद मिला और उनमें काई जमी हुई पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि पुराने केज को नया दिखाकर सरकारी धन के दुरुपयोग का प्रयास किया गया।
लाभार्थियों ने शिकायत की कि उनसे पैसे वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को लाभार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में गड़बड़ियां मिलने के बाद मंत्री ने साफ कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि इस पूरे मामले में बड़े स्तर तक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है।
मंत्री ने तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारियों को अटैच करने और पूरे मामले की गहन जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।