रेणुकूट/सोनभद्र.@अमिताभ मिश्रा…..

असहाय, निर्धन और भूखे जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर समर्पित संस्था मानवता की थाली को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए ऊर्जांचल की नगरी दुद्धी में प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा अंतरराष्ट्रीय सम्मान तथा मोक्ष नगरी वाराणसी में विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर वि वेंडर फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया गया।
यह सम्मान संस्था को समाज के निम्न वर्ग के लोगों के लिए किए जा रहे निःस्वार्थ सेवा कार्यों के प्रति समर्पण और योगदान के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह का आयोजन बीएचयू के जे.एन. उडप्पा मीटिंग हॉल में हुआ, जहां मुख्य अतिथि ने मानवता की थाली के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है, और यह संस्था इस दिशा में प्रेरणादायी कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव ने स्वयं उपस्थित होकर मुख्य अतिथि के हाथों संगम गौरव सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्था के सभी सदस्यों, सहयोगियों और सेवा भाव से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को समर्पित है और यह आगे और अधिक ऊर्जा के साथ समाज सेवा करने की प्रेरणा देगा।

इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, झारखंड, बंगाल, उज्जैन, नेपाल, राजस्थान, बिहार, सोनभद्र, इटावा और वाराणसी सहित विभिन्न राज्यों व जनपदों से आए रक्तदाताओं, समाजसेवियों तथा पशु-पक्षी प्रेमियों को भी उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
मानवता की थाली को मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान से संस्था के सदस्यों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी बधाई देते हुए कहा कि यह संस्था जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनकर समाज में सेवा और संवेदना का संदेश दे रही है।
