@जेo केo/सोनभद्र…….

Sonbhadra । जिले में एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। शक्तिनगर थाना क्षेत्र के एनसीएल खड़िया-दूधीचुआ के बीच रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरलोड कोयला लदे ट्रक से अचानक भारी भरकम कोयले का हिस्सा गिर गया, जो पीछे आ रही बाइक पर सवार दो युवकों पर जा गिरा।
इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने घंटों तक प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि क्षेत्र में ओवरलोड कोयला वाहनों की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से रोक लगाई जाए और इस घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।