नई दिल्ली. भारतीय पुरुष और महिला टीम को थॉमस और उबेर कप के लिए मुश्किल ड्रॉ मिला है. क्योंकि दोनों को मौजूदा चैंपियन चीन के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है. विश्व बैडमिंटन महासंघ ने बुधवार को ड्रॉ की घोषणा की. थॉमस कप का 34वां और उबेर कप का 31वां सीजन 24 अप्रैल से 3 मई तक डेनमार्क के हॉर्सेंस में होगा. 2022 में अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास बनाने वाली भारतीय पुरुष टीम को चीन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के साथ ग्रुप ‘ए’ में रखा गया है.
भारत पिछले टूर्नामेंट (2024) के क्वार्टर फाइनल में चीन से हार गया था, जो बाद में विजेता बना था. उबेर कप में भारतीय महिला टीम भी मौजूदा और 16 बार की चैंपियन चीन के साथ ग्रुप ‘ए’ में है. मेजबान डेनमार्क और यूक्रेन इस ग्रुप की बाकी टीमें हैं. भारत पिछले टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल में जापान से हारकर बाहर हो गया था. चीन के पास एक मजबूत पुरुष टीम है जिसमें शी युकी (दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी), ली शी फेंग (सातवें नंबर), वेंग होंग यांग (17वें नंबर) और लू गुआंग झू (18वें नंबर) शामिल हैं.
भारतीय टीम को थॉमस और उबेर कप में मुश्किल ड्रॉ मिला है.
हालांकि भारत को लक्ष्य सेन की हालिया फॉर्म से आत्मविश्वास मिलेगा क्योंकि पेरिस ओलंपिक 2024 के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले इस खिलाड़ी ने इस महीने की शुरुआत में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में उपविजेता रहते हुए फेंग को हराया था. भारत ने 2022 में बैंकॉक में अपना पहला थॉमस कप खिताब जीतकर इतिहास रचा था. फाइनल में 14 बार की चैंपियन इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर ट्रॉफी जीतने वाला भारत सिर्फ छठा देश बना था. भारत ने बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप के बाद बीडब्ल्यूएफ पुरुष टीम रैंकिंग के आधार पर 2026 थॉमस कप के लिए क्वालीफाई किया.
महिला टीम ने भी विश्व रैंकिंग के जरिए उबेर कप में अपनी जगह पक्की की. कुल 16 टीमों को चार-चार के चार ग्रुप में बांटा गया है और सभी राउंड रोबिन लीग खेलेंगी जिसमें हर मुकाबले में पांच मैच (तीन एकल और दो युगल) होंगे. हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में जाएंगी.
थॉमस कप ड्रॉ: ग्रुप ए: चीन, भारत, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया. ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, इंग्लैंड, फिनलैंड. ग्रुप सी: चीनी ताइपे, डेनमार्क, कोरिया, स्वीडन. ग्रुप डी: इंडोनेशिया, फ्रांस, थाईलैंड, अल्जीरिया. उबेर कप ड्रॉ:ग्रुप ए: चीन, भारत, डेनमार्क, यूक्रेन. ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, तुर्की, दक्षिण अफ्रीका. ग्रुप सी: चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया. ग्रुप डी: कोरिया, थाईलैंड, बुल्गारिया, स्पेन.
