पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा….

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर 23 में चार तल्ला से प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जबकि गिट्टियां उखड़कर मार्ग पर बिखरी पड़ी हैं।

बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व बनी इस रोड की स्थिति बनने के कुछ ही महीने बाद से खराब होने लगी थी।

स्थानीय निवासी सूर्यकांत द्विवेदी ने बताया कि चार तल्ला से प्राथमिक विद्यालय तक सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे बने हुए हैं और गिट्टियां सड़क पर फैली हैं। इससे विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अचानक सामने आने वाली बिखरी गिट्टियों के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका रहती है।उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।

इस सड़क से प्राथमिक विद्यालय जाने वाले बच्चों के अलावा स्थानीय लोगों और अन्य राहगीरों का भी प्रतिदिन आवागमन होता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान इसकी हालत और खराब हो सकती है। गड्ढों के बढ़ने और गिट्टियों के लगातार उखड़ने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती जा रही है।

लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत कराने, सड़क पर फैली गिट्टियों को हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से स्कूली बच्चों समेत राहगीरों को राहत मिल सकेगी और संभावित हादसों को भी टाला जा सकेगा।









