चोपन/सोनभद्र. @कृपा शंकर पांडेय……

सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक बेटी ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना चोपन थाना क्षेत्र के बग्घा नाला स्थित वन क्षेत्र की है। पीड़िता के मुताबिक उसका पिता उसे दवा दिलाने के बहाने घर से लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सुनसान वन क्षेत्र देखकर उसने अपनी ही बेटी को हवस का शिकार बना लिया।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित थाने ले आई।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर चोपन थाना पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की और बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां का कई साल पहले ही निधन हो चुका है और आरोपी पिता ही अपनी बेटी का पालन-पोषण कर रहा था।
आरोपी की पहचान हो चुकी है, जो मूल रूप से बिहार राज्य के कैमूर-भभुआ जिले के गौरा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वर्तमान में वह सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र में रहकर ओबरा इलाके में एक छोटा सा व्यापार करता था।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।