मुख्यालय/सोनभद्र. @विशाल टंडन…..

भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक अम्बावता गुट) के पदाधिकारियों ने किसानों, गरीबों और मजदूरों से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर प्रदेश, मंडल, जिला, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। ज्ञापन में किसानों और मजदूरों के हित में कई मांगें शामिल थीं।
प्रमुख मांगों में सभी किसान, गरीब और मजदूरों का कर्ज माफ करना, बिजली में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकना, नहरों की सफाई और टूटी-फूटी नहरों की तत्काल मरम्मत करना शामिल हैं। इसके अलावा गुंडा-माफिया द्वारा पुलिस उत्पीड़न और किसानों पर फर्जी मुकदमों को रोकने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में वृद्धा, विधवा और विकलांग व्यक्तियों को ₹5000 प्रतिमाह पेंशन देने, सड़कों और नालियों की खराब स्थिति सुधारने, कृषि विभाग द्वारा खाद और बीज का असमान वितरण रोकने, ग्राम प्रधान और चाटुकारों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा करही बांध में निकास नाली सुनिश्चित करने की भी याचिकाएँ शामिल थीं।
इसके अतिरिक्त, पीएम आवास योजना में चयन में अनियमितताओं, लेखपाल और तहसीलदारों द्वारा किसानों का शोषण और प्रीतनगर वार्ड 04 की सड़क निर्माण गुणवत्ता पर कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष संतश्यामसुंदर दास, जिला उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, महिला जिला उपाध्यक्ष सरोज देवी (सोनभद्र), महिला जिला अध्यक्ष प्रभा, और ब्लॉक अध्यक्ष राधा देवी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।