@जेo केo/सोनभद्र…..

Sonbhadra । चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नौवटलिया पुलिया के पास सोमवार की सुबह एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 से 15 फीट गहरी खाई में गिरकर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में चार लोग सवार थे, जिनमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि तीन लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब पौने सात बजे तेलगुडवा से कोन संपर्क मार्ग पर नौवटलिया पुलिया के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग बनारस से सेकेंड हैंड इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदकर अपने घर रमना, गढ़वा (झारखंड) लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात कारण से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा और पलट गया।
हादसे में ऑटो चालक अनुज कुमार पुत्र सोमनाथ, दिलीप पाठक उम्र करीब 17 वर्ष पुत्र सरवन पाठक, रामबाबू प्रसाद शाह पुत्र राधेश्याम प्रसाद शाह और बिरेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय शिवप्रसाद, निवासी रमना गढ़वा झारखंड घायल हो गए। इनमें दिलीप पाठक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका दाहिना पैर टूट गया, जबकि अन्य तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल डायल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।