@जेo केo/सोनभद्र…….

Sonbhadra । जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र में मछली पकड़ने के दौरान बांध में डूबने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार पन्नूगंज थाना क्षेत्र के मझिडढ़ गांव के पास स्थित धंधरौल बांध में गांव के कुछ लोग मछली पकड़ने के लिए उतरे थे। इसी दौरान पानी गहरा होने के कारण दो लोग डूबने लगे।
मृतकों की पहचान मझिडढ़ गांव निवासी 30 वर्षीय दशमी पुत्र रामविलास तथा 48 वर्षीय रामराज उर्फ बच्चा पुत्र राम मूरत बिंद के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बांध के किनारे खड़े उनके साथी आशीष ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी कुमुद शेखर सिंह ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद दोनों के शवों को पानी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।