शक्तिनगर/सोनभद्र. @वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (प्रचालन सेवाएँ) विद्यानंद झा ने एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना का औपचारिक निरीक्षण दौरा कर संयंत्र के समग्र प्रचालन प्रदर्शन तथा वर्तमान में संचालित विभिन्न पहलों की विस्तृत एवं गहन समीक्षा की।
दौरे के दौरान उन्होंने प्रमुख प्रचालन मानकों का सूक्ष्म आकलन करते हुए उत्पादन क्षमता, परिचालन दक्षता, प्रणाली की विश्वसनीयता तथा अनुरक्षण व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संदीप नायक, सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण तथा विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में प्रचालन प्रणाली में नवाचार, संसाधनों के इष्टतम उपयोग, गुणवत्ता उन्नयन, लागत संतुलन तथा सुरक्षा मानकों के सुदृढ़ीकरण पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में विद्यानंद झा ने कहा—
“एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना संगठन की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उत्कृष्ट प्रचालन, सुदृढ़ अनुरक्षण व्यवस्था एवं टीम की प्रतिबद्धता ही हमें प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में अग्रणी बनाए रखती है। सतत सुधार, तकनीकी उन्नयन एवं सामूहिक समर्पण के माध्यम से हमें कार्यकुशलता और विश्वसनीयता के उच्च मानक स्थापित करने होंगे।”
श्री झा ने औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति संगठन की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन समान रूप से आवश्यक है। उन्होंने परियोजना टीम द्वारा प्रदर्शित समर्पण, अनुशासन एवं कार्यकुशलता की सराहना करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रचालन प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान विद्यानंद झा ने परियोजना परिसर में पत्नी अंजू झा के साथ वृक्षारोपण कर हरित पहल के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया। इस अवसर पर प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा, वनिता समाज एवं वनिता समाज की वरिष्ठ सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं|
दौरे के समापन पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना आने वाले समय में भी परियोजना विस्तार के लक्ष्यों एवं संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी तथा प्रचालन उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित करेगी।