म्योरपुर/सोनभद्र. @संदीप अग्रहरी….

स्थानीय थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। मिट्टी की खोदाई करते समय मिट्टी की सुरंग ढहने से कई लोग उसमें दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को निकलने का प्रयास शुरू किया। सुबह साढ़े 11 बजे तक तीन महिलाओं के शव बरामद हुए। अन्य की तलाश जारी है।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग सफेद मिट्टी का इस्तेमाल करते हैं। यही मिट्टी लाने के लिए कुछ बच्चे-महिलाएं किरवानी गांव के जंगल में गए थे। मिट्टी खोदते हुए वह लोग सुरंग बनाकर टीले के काफी नीचे चले गए। इसी दौरान अचानक टीला ढह गया। अंदर खोदाई कर रही महिलाएं मलबे में दब गईं। साथ गए लोगों की चीख-पुकार पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि खैराही सीताराम ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जेसीबी की मदद से काफी प्रयास के बाद मलबे से तीन लोगों को बाहर निकाला। घायलों को म्योरपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सदिकुनिशा (35) पत्नी कमरुद्दीन निवासी बडहोर थाना बभनी, अनिशा खातून (35) पत्नी मेराज निवासी किरवानी, सीता (30) पत्नी देवबरन निवासी खैराही के रूप में हुई। बचाव कार्य जारी है। दो अन्य महिलाएं फूलकुमारी (35) पत्नी उदयशंकर निवासी खैराही व नजीबुननिशा (35) पत्नी अलीशेर किरवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिनका म्योरपुर सीएचसी में उपचार किया जा रहा है।