रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा….

स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शनिवार की भोर में एक रेल यात्री को जीआरपी पुलिस ने अचेत अवस्था में पाया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से उसे म्योरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। इसके बाद जीआरपी पुलिस ने शव को सुरक्षित सोनभद्र जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। जीआरपी के प्रयासों के बाद शनिवार की शाम तक मृतक की पहचान हो सकी।
इस संबंध में जीआरपी रेणुकूट चौकी प्रभारी श्रीकांत मौर्य ने बताया कि शनिवार की सुबह लगभग चार बजे सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर एक पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान नरेश कुमार (70) पुत्र वचनूराम, निवासी जमुआ, झारखंड के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के औरंगाबाद में कार्य करता था और वहां से वापस लौटते समय अज्ञात परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजन रविवार को रेणुकूट पहुंचकर शव को अपने साथ ले जाएंगे। जीआरपी पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।