रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…….

पिपरी वन रेंज क्षेत्र में वन विभाग द्वारा न्यूनतम वेतन पर कार्यरत कर्मियों को जैकेट व कंबल तथा विभाग से जुड़े ग्रामीण श्रमिकों को कंबल का वितरण किया गया। यह वितरण कार्यक्रम कुलडोमरी ग्राम पंचायत के बेनादह टोले में आयोजित हुआ, जिसका नेतृत्व रेंजर राघवेंद्र कुमार ने किया।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की टीम द्वारा पूर्व में अतिक्रमित लगभग 8 हेक्टेयर वन भूमि को खाली कराया गया। अतिक्रमण हटाने के साथ ही आगामी वर्षा काल में व्यापक पौधारोपण के लिए अग्रिम तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से जेसीबी मशीन से खाई खुदवाकर वन भूमि को सुरक्षित करने की कार्रवाई की गई।
बताया गया कि जिन ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए, वे वन विभाग के लिए ग्रामीण ट्रेंच की खुदाई, पौधारोपण और अन्य विभिन्न कार्यों में सहयोग करते हैं। ठंड के मौसम को देखते हुए वन विभाग द्वारा यह पहल की गई, जिससे श्रमिकों और कर्मचारियों को राहत मिल सके।

रेंजर राघवेंद्र कुमार ने कहा कि वन विभाग न केवल वन संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि विभाग से जुड़े कर्मचारियों और ग्रामीण श्रमिकों के कल्याण को भी प्राथमिकता देता है। उन्होंने बताया कि ठंड से बचाव के लिए कंबल व जैकेट वितरण जैसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे तथा खाली कराई गई वन भूमि पर आगामी मानसून में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा।
इस अवसर पर वन दरोगा रवि कुमार यादव, छोटेलाल, फूलचंद यादव, रामफल, सर्वेश सिंह, हिमांशु मोर्य सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में वन विभाग की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।