रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..

थाना पिपरी पुलिस ने बुधवार को अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दो महत्वपूर्ण कार्रवाइयाँ कीं। पहली कार्रवाई में पुलिस ने अवैध गांजा विक्री के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी कार्रवाई में सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने–पिलाने में संलिप्त पाँच अभियुक्तों को पकड़कर न्यायालय भेजा गया।
पहले मामले में थाना पिपरी पर पंजीकृत एक एनडीपीएस एक्ट मामले में वांछित अभियुक्त राजेश पाण्डेय पुत्र जनार्दन पाण्डेय, हाल पता समता भवन पद्मिनी होटल के सामने पटेल नगर मुर्धवा, मूल निवासी ग्राम सराय, थाना पँवारा, जनपद जौनपुर को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।
अभियुक्त के विरुद्ध पहले भी एनडीपीएस एक्ट में एक मुकदमा पंजीकृत है। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने और पिलाने के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया, जिसके दौरान पाँच व्यक्तियों को शांति भंग की आशंका के तहत धारा 170/126/135 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शम्भूनाथ यादव निवासी रेनुकूट, बनारसी प्रसाद गोंड व नन्द कुमार निवासी अनपरा, पंकज कुमार सिंह व भक्ति दास निवासी हिण्डालको कॉलोनी शामिल हैं। सभी को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय प्रेषित किया गया।