रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा…..

स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के खाड़पाथर में एक 10 वर्षीय बालक के अचानक लापता हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। गायब हुआ बालक सन्नी राजभर, उम्र लगभग 10 वर्ष, पिता काशी राजभर, सोनांचल शिक्षा निकेतन में कक्षा 6 का छात्र है। प्रतिदिन की तरह मंगलवार को वह सुबह स्कूल गया था।
स्कूल से लौटने के बाद वह ट्यूशन के लिए निकला, लेकिन ट्यूशन से घर आने के बाद अचानक गायब हो गया। परिवार के अनुसार, देर शाम तक जब सन्नी घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने पूरे मोहल्ले और आसपास के इलाकों में उसकी रातभर तलाश की, रिश्तेदारों तथा परिचितों से संपर्क किया, लेकिन बच्चे का कहीं कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर का माहौल बेहद व्याकुल बना हुआ है।
बालक के न मिलने पर परिवार ने देर रात मौखिक रूप से पुलिस चौकी खाड़पाथर में सूचना दे दी है। पुलिस ने भी प्रारंभिक जानकारी लेकर बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोग भी सन्नी की तलाश में सहयोग कर रहे हैं। निवासी क्षेत्र में गुमशुदा बच्चे को लेकर दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को भी बच्चे के संबंध में कोई सूचना प्राप्त हो तो तत्काल चौकी खाड़पाथर या नजदीकी पुलिस को सूचित करें, ताकि बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित खोजा जा सके।