संवाददाता@विजय अग्रहरी….

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के घोरावल कस्बे में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आनंद परमार पुत्र मार्तंड प्रताप सिंह के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 99,500 रुपये निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उनका बेटा मोबाइल पर फेसबुक चला रहा था। इसी दौरान फोन पर ‘पिक्सल’ नाम का एक लिंक आया, जिसे बच्चे ने क्लिक कर दिया। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैंग हो गया और कुछ देर बाद बंद हो गया।
करीब 30 मिनट बाद मोबाइल चालू हुआ तो बैंक खाते से 99,500 रुपये कट चुके थे। घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को हुई, जिसके बाद सोमवार को ही घोरावल कोतवाली में सूचना दी गई। पुलिस ने मंगलवार को शिकायत की रिसीविंग दी। पुलिस मामले की जांच कर साइबर ठगी के तरीके और रकम ट्रांसफर होने की जानकारी जुटा रही है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक, मैसेज या सोशल मीडिया पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। मोबाइल में किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें और बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने को सूचना दें।