घोरावल/सोनभद्र (विजय अग्रहरी)…..

अवैध बालू परिवहन पर लगाम कसने के लिए निकली पुलिस टीम की रेकी करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। अवैध खनन एवं उसके परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मे इस तरह की सफलता प्राप्त हुई।
प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि घोरावल क्षेत्र अंतर्गत पुलिस टीम को यह जानकारी प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति अवैध रूप से बालू के परिवहन हेतु पुलिस टीम की गतिविधियों की रेकी कर रहे हैं और पुलिसकर्मियों की लोकेशन संबंधित व्यक्तियों को भेजी जा रही है।
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना घोरावल पुलिस द्वारा दो आरोपियों सूरज गिरी व राम सनोज उर्फ रामू निवासी ग्राम गांवकुंडा को मौके से उप निरीक्षक बलिराम प्रसाद ने मय फोर्स गिरफ्तार किया। बताया कि पूछताछ व साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि उक्त दोनो आरोपित अवैध बालू परिवहन से संबंधित गिरोह के लिए पुलिस टीम की रेकी कर रहे थे। तथा पुलिस कर्मियों के मूवमेंट की जानकारी आगे भेज रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ धारा 221 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया।