डाला/सोनभद्र (गुड्डू तिवारी)…….

शनिवार दोपहर नगर पंचायत डाला बाज़ार क्षेत्र अंतर्गत आशा पैलेस, नई बस्ती में भारतीय जनता पार्टी डाला मंडल द्वारा मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह पटेल की अध्यक्षता में सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा अशोक कुमार मिश्रा मौजूद रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडल प्रभारी उदयनाथ मौर्या मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा पं० दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी विकास, जनकल्याण और सुराज के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 17 सितंबर 2025 से 2 अक्टूबर 2025 तक सेवा पखवाड़ा अभियान संचालित किया जाना है। इस अभियान का उद्देश्य जन-भागीदारी, स्वच्छता, सेवा और जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देना है।
नागरिकों में स्वच्छता, सेवा और सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस अभियान में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास” तथा “वोकल फॉर लोकल” की भावना को सशक्त करना है। तत्पश्चात विशिष्ट अतिथि उदयनाथ मौर्या ने बताया कि इस अभियान के तहत क्षेत्र के प्रमुख स्मारक व स्थलों पर स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य कैंप, आदि आयोजन भी होने है जिसकी रूप रेखा कार्यशाला में तैयार की जा रही है।
पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक दूबे ने बताया कि उक्त अभियान के तहत “एक पेड़ मां के नाम” व “एक बगिया मां के नाम” के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, नमो पार्क/नमो उपवन, नमो मैराथन, दिव्यांगजनों के लिए जिले स्तर पर विशेष शिविर लगाकर उपकरणों का वितरण किया जाएगा, तथा अभियान के दौरान जन सामान्य में खादी वस्तुओं एवं वस्त्रों, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प के क्रय को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
इसके लिए महिला स्व सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी व मेले आयोजित किए जाएंगे। अंत में मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह पटेल के आह्वाहन पर सभी कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष के इकलौते पुत्र के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई व कार्यशाला के समापन की घोषणा की गई। कार्यशाला का संचालन मंडल महामंत्री बृजेश पांडे ने किया।
इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश जैन, संतोष कुमार बबलू, दीपक दूबे, जनजाति मोर्चा जिला महामंत्री शंभू सिंह गौड़, मंडल महामंत्री विशाल गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष चंद्रावती देवी, अमरेश उपाध्याय, मनोज निषाद, मनीष तिवारी, रमाशंकर पासवान, अवनीश पांडे, संतोष त्रिपाठी, मंडल मंत्री उर्मिला देवी, अनिल जायसवाल, विकास जायसवाल, राजेश्वर चौधरी, कृपाशंकर पांडे, विजय जायसवाल, प्रमोद सोनी, सदन साहू, रामसागर गौड़ आदि आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।