मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर लोहरा पावर हाउस के पास दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले अज्ञात बाइक सवार की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान पप्पू दुबे (33 वर्ष) पुत्र पंच बहादुर दुबे, निवासी ग्राम खजूरी, थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के लोहरा पावर हाउस के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के आधार पर उसकी जानकारी जुटानी शुरू की।

मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के जरिए पुलिस ने संबंधित थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली से संपर्क किया और वाहन स्वामी व पते का सत्यापन कराया। इस दौरान मृतक के भाई नारायण देव दुबे तथा ग्राम प्रधान दीपक पाण्डेय से संपर्क हुआ। उनके माध्यम से मृतक की पहचान पप्पू दुबे के रूप में सुनिश्चित हुई।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पहचान होने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। गौरतलब है कि इस दुर्घटना में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई थी, जिसमें ट्रेलर चालक और बाइक सवार की जलकर मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे।