मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..CWC के आदेश पर बालिका को बाल गृह में कराया गया आवासित, टीम की तत्परता से टला बाल विवाह

पन्नूगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारी चैनपुरवा में 26 नवंबर की देर रात चाइल्ड हेल्पलाइन की तत्परता से एक बालिका का बाल विवाह रुकवा दिया गया। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। बाद में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के आदेश पर बालिका को बाल गृह में आवासित कराया गया।

जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर की रात चाइल्ड हेल्पलाइन के कंट्रोल रूम को बाल विवाह की सूचना मिली थी। परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए टीम को सक्रिय किया और पन्नूगंज पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस के सहयोग से टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित विवाह को रुकवा दिया।

इस दौरान परिजनों को बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। टीम ने बताया कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

बालिका के हित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के आदेश पर बालिका को सुरक्षित देखरेख के लिए बाल गृह में आवासित कराया गया।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी चर्चित गौर के संरक्षण और जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में हुई। अभियान में परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, सुपरवाइजर सुधा गिरी, टीम सदस्य धर्मवीर सिंह और बजरंग सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पन्नूगंज पुलिस का भी सहयोग मिला।

परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि बच्चों का बचपन, शिक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके।