मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..रॉबर्ट्सगंज के तियरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह आठ बजे होगा जिला स्तरीय चयन, चयनित खिलाड़ी मिर्जापुर में लेंगी मंडल स्तरीय ट्रायल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए सोनभद्र की महिला खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके लिए तीन दिसंबर को जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल का आयोजन किया जाएगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, तीन दिसंबर 2026 को सुबह आठ बजे रॉबर्ट्सगंज के तियरा स्थित विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल होगा। इसमें चयनित खिलाड़ियों को उसी दिन पूर्वाह्न 11 बजे मिर्जापुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम, मिसखुरी पहाड़ी में आयोजित मंडल स्तरीय चयन एवं ट्रायल में प्रतिभाग करना होगा।

मंडल स्तर पर चयनित महिला खिलाड़ियों को पांच से सात दिसंबर तक कानपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी ने इच्छुक महिला खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि और समय पर आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित होने की अपील की है। ट्रायल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी किसी भी कार्यदिवस में जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय, सोनभद्र से संपर्क कर सकती हैं।