ब्यूरो@जे0 के0/@संजय सिंह…..
रेलवे और एफसीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बनाता था फर्जी नियुक्ति पत्र, यूपी के 7 से 8 लोगों से धोखाधड़ी की जानकारी

Sonbhadra। रेलवे और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले वांछित हिस्ट्रीशीटर को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर बेरोजगार युवकों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा उत्तर प्रदेश में अब तक 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह 7:40 बजे बुढ़िवार पुलिया के पास से आरोपी मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र वीरेंद्र बहादुर पाण्डेय निवासी ग्राम रायपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी रायपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले की शिकायत 26 नवंबर को देवरिया जिले के ग्राम सिरवनीयां निवासी दयानंद शर्मा ने थाना रायपुर में की थी। आरोप लगाया कि मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने भारतीय खाद्य निगम में असिस्टेंट (AG-III) के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कुल 10 लाख रुपये की मांग की थी। इस दौरान अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से उनसे 8 लाख 14 हजार रुपये ले लिए गए। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से तैयार फर्जी एडमिट कार्ड और नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया गया।

दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह होने पर जब पीड़ित ने शेष दो लाख रुपये देने से इनकार किया और अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर रेलवे और एफसीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। उसका ठगी का नेटवर्क राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैला होने की जानकारी मिली है। आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ रायपुर और रॉबर्ट्सगंज थानों के अलावा देवरिया जिले में भी धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह रायपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर (एचएस नंबर 36ए) है। उसके विरुद्ध गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक उमाशंकर गिरि सहित थाना रायपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।