मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला कोन स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में लगेगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक साहू ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की करीब 20 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनमें हिन्डाल्को इंडस्ट्रीज (विजन इंडिया), एमआरएफ टायर, टाटा मोटर्स, उत्कर्ष बैंक, ब्लिंकिट और फ्लिपकार्ट सहित कई कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से संबंधित कंपनियों के नियोजकों द्वारा किया जाएगा। इच्छुक युवक-युवतियां अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों एवं जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि अभ्यर्थियों को आने-जाने का यात्रा भत्ता भी नहीं दिया जाएगा।