बीजपुर संवाददाता@रामबली मिश्रा….

रेणुकूट–बीजपुर मुख्य मार्ग पर अंजानी गांव में शुक्रवार को सड़क किनारे लगे विद्युत पोल में एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विद्युत पोल टूटकर धराशाई हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत विभाग को फोन कर घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित मार्ग की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली काटकर सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती तो करंट की चपेट में आने से गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

ग्रामीणों के अनुसार, सुखदेव यादव के घर के सामने सड़क और पुलिया की स्थिति खराब होने के कारण वहां गड्ढे बने हुए हैं। बताया जाता है कि गड्ढे से बचने के प्रयास में अज्ञात वाहन अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

विद्युत पोल टूटने से क्षेत्र की आपूर्ति घंटों बाधित रही। विभागीय कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पोल को बदलने और मरम्मत का कार्य पूरा करने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की। ग्रामीणों ने सड़क और पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।