मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

दिव्यांग छात्राओं एवं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आवागमन को सुगम करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन परिसर स्थित कक्ष संख्या-11 में पात्रता परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ई-ट्राईसाइकिल और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन करने वाले कुल 30 दिव्यांग छात्राओं एवं दिव्यांगजनों की पात्रता परखी गई।

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से संचालित योजनाओं के तहत स्कूल जाने वाली तथा शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए अनुदान योजना संचालित की जा रही है। वहीं, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन करने वाले दिव्यांगजनों का भी परीक्षण किया गया।

पात्रता परीक्षण तकनीकी समिति के सदस्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित चिकित्सक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव, आर्थोपेडिक सर्जन एवं अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ने किया।

इस दौरान विंध्याचल मंडल मिर्जापुर के उपनिदेशक वीपी सत्यार्थी तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला मौजूद रहीं।

अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा, प्रशिक्षण और दैनिक गतिविधियों में बिना किसी बाधा के भागीदारी कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।