रेणुकूट संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…

हिंडाल्को से बेंगलुरु भेजा गया करीब 1.63 करोड़ रुपये का एल्यूमिनियम गायब होने के मामले में पिपरी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। करीब 15 दिनों की जांच के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र में दबिश देकर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गया 34.850 टन एल्यूमिनियम और उसे ले जाने वाला ट्रक भी बरामद कर लिया गया है।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान महाराष्ट्र के नासिक जिले के रहने वाले सचिन अशोक शेल्के (26) और नवनाथ अशोक शेल्के (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आरोपितों का सुराग मिला। 24 नवंबर को महाराष्ट्र में गिरफ्तारी के बाद दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाया गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला गंभीर था। पुलिस टीम लगातार सुराग जुटा रही थी।

जांच में मिले तथ्यों के आधार पर महाराष्ट्र पहुंचकर दोनों आरोपितों को पकड़ा गया और पूरा माल बरामद कर लिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हिंडाल्को से माल लेकर ट्रकों के गायब होने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूर्व में भी एल्यूमिनियम की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी की है। इस बार करोड़ों रुपये के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी को पिपरी पुलिस की अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और सीओ पिपरी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में की गई। टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।