संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..
एनटीपीसी शक्तिनगर की पांच और विंध्याचल की चार यूनिटों से उत्पादन ठप, एनसीएल की 10 कोयला परियोजनाओं में भी पानी की किल्लत
50 साल पुराने गेट का नहीं हुआ रखरखाव, पहले ही गिर चुके थे तीन गेट, प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

रिहंद जलाशय के लिंक कैनाल के मुहाने पर गेट गिरने से बिजली और कोयला परियोजनाओं की जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बृहस्पतिवार को पानी की पंपिंग बंद होने से एनटीपीसी शक्तिनगर और विंध्याचल की कुल नौ विद्युत इकाइयों में उत्पादन प्रभावित हो गया। वहीं एनसीएल की 10 कोयला परियोजनाओं में भी पानी का संकट गहरा गया है। अचानक उत्पन्न हुई इस स्थिति से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
एशिया के बड़े कृत्रिम जलाशयों में शामिल गोविंद बल्लभ पंत सागर (रिहंद जलाशय) से क्षेत्र की कई बिजली और कोयला परियोजनाओं को पानी की आपूर्ति की जाती है। लिंक कैनाल के माध्यम से एनटीपीसी सिंगरौली (शक्तिनगर) के 2000 मेगावाट क्षमता वाले विद्युत गृह के लिए पानी लिफ्ट किया जाता है। यहां उपयोग के बाद इसी पानी की आपूर्ति मध्यप्रदेश स्थित 4760 मेगावाट क्षमता वाले एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना को भी होती है।

जानकारी के अनुसार लिंक कैनाल पर कुल छह गेट लगाए गए हैं। इनमें चार गेट 200 मेगावाट की पांच इकाइयों और दो गेट 500 मेगावाट की दो इकाइयों के लिए निर्धारित हैं। बताया जा रहा है कि चार गेटों में से तीन पहले ही बंद पड़े थे। बृहस्पतिवार को चौथा गेट भी गिर जाने से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। इसके चलते एनटीपीसी शक्तिनगर की 200 मेगावाट क्षमता वाली पांचों इकाइयों से उत्पादन ठप हो गया, जबकि विंध्याचल परियोजना की भी चार इकाइयों में उत्पादन प्रभावित हुआ।
एनटीपीसी की ओर से स्थापित सीडब्ल्यू पंप के माध्यम से लिफ्ट होने वाला पानी एनसीएल की 10 कोयला खदानों के साथ विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और आवासीय परिसरों में भी पहुंचाया जाता है। जलापूर्ति बंद होने से इन परियोजनाओं में घरेलू और औद्योगिक जरूरतों के लिए पानी का संकट खड़ा हो गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनटीपीसी और एनसीएल की टीमें गेट की मरम्मत और जलापूर्ति बहाल करने में जुटी हैं। गोताखोरों, अभियंताओं और क्रेन सहित भारी मशीनों की मदद ली जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सफलता नहीं मिल सकी थी। आशंका जताई जा रही है कि सामान्य स्थिति बहाल होने में दो से तीन दिन लग सकते हैं।
वहीं पेयजल संकट से निपटने के लिए एनटीपीसी आवासीय परिसर स्थित चिल्का झील के प्राकृतिक झरने से पानी भरकर आधा दर्जन टैंकरों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। इस संबंध में एनटीपीसी परियोजना प्रबंधन से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकारियों का फोन रिसीव नहीं हुआ।

50 साल पुराने गेट के रखरखाव पर उठे सवाल; स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार परियोजना निर्माण के समय ही लिंक कैनाल पर ये गेट लगाए गए थे। लगभग 50 वर्ष बीत जाने के बावजूद इनके रखरखाव और मरम्मत पर समुचित ध्यान नहीं दिया गया। बताया जाता है कि इससे पहले ही तीन गेट खराब होकर बंद हो चुके थे। ऐसे में चौथा गेट गिरने से पूरी जलापूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गेटों की मरम्मत और नियमित रखरखाव कराया गया होता तो इस गंभीर स्थिति से बचा जा सकता था।
सूत्रों के अनुसार स्थिति बिगड़ने के बाद मौके पर पहुंचे कार्यकारी निदेशक को भी गेटों की व्यवस्था की पूरी जानकारी नहीं होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद मौके पर सीआईएसएफ और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। किसी को भी प्रभावित स्थल की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।