मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..सोनभद्र में बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए चलाया गया अभियान, अपर जिलाधिकारी ने रथ को दिखाई हरी झंडी

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने और बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद में जागरूकता अभियान चलाया गया।

बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य, शिक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करना आवश्यक है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

नीति आयोग की सहयोगी संस्था एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA) के सहयोग से आयोजित इस अभियान के जरिए आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, प्रोबेशन अधिकारी/केस वर्कर इंद्रावती सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।