संवाददाता@रामबली मिश्रा…..
आधा दर्जन लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

बीजपुर थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में कीर्तन के दौरान साउंड बॉक्स बजाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। मामले में पीड़ित ने आधा दर्जन लोगों पर मारपीट, साउंड बॉक्स व डीजे के सामान को क्षतिग्रस्त करने तथा बाइक में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को बीजपुर थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पिंडारी ग्राम पंचायत के टोला कैम्हाड़ निवासी राधेश्याम गुप्ता पुत्र रामचन्द्र गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 30 अक्टूबर को गांव में पीपल के पेड़ के नीचे ग्रामीणों द्वारा कीर्तन का आयोजन किया जा रहा था।

इसी दौरान वह साउंड बॉक्स बजाने के लिए वहां पहुंचा था। आरोप है कि तभी प्रमोद कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने एकजुट होकर उसके और उसके भाई मनीराम गुप्ता के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने मौके पर रखे साउंड बॉक्स और डीजे के सामान को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके साथ ही उसके भाई की मोटरसाइकिल संख्या UP64AV4849 में भी तोड़फोड़ की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रमोद कुमार विश्वकर्मा, सुरेंद्र विश्वकर्मा, नंद कुमार विश्वकर्मा, रामभूषण विश्वकर्मा सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।