संवाददाता@ख्वाजा खान….

बभनी थाना क्षेत्र के बचरा साप्ताहिक बाजार में शनिवार को खरीदारी करने आए एक 55 वर्षीय व्यक्ति की अचानक गिरकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को टेंपो से अपने घर लेकर चले गए।

मृतक की पहचान करमघट्टी गांव निवासी शिवनाथ पुत्र रामकरण (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवनाथ अपनी पत्नी और बेटी के साथ बचरा साप्ताहिक बाजार में घरेलू जरूरतों का सामान खरीदने आए थे। खरीदारी के दौरान उन्होंने पत्नी और बेटी को कुछ सामान लेकर घर जाने के लिए कह दिया और स्वयं साग-सब्जी खरीदकर आने की बात कही।

पत्नी के मुताबिक, जब काफी देर तक शिवनाथ घर नहीं पहुंचे तो उन्होंने गांव के लोगों से उनके बारे में जानकारी ली। इस दौरान पता चला कि बाजार में उनके पति अचानक गिर पड़े हैं और उनकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पत्नी और परिजन तत्काल बाजार पहुंचे, जहां शिवनाथ मृत अवस्था में पड़े मिले।

पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन शव को घर ले जाने की तैयारी करने लगे। इस दौरान उन्हें पुलिस को सूचना देने की सलाह भी दी गई।

लेकिन पत्नी ने किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं कराने की बात कही। इसके बाद परिजन शव को टेंपो से बिना पुलिस को सूचना दिए घर लेकर चले गए।