मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

जिले में रविवार को सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत जिले में पांच वर्ष तक के 3,09,381 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

सीएमओ ने बताया कि अभियान रविवार से शुरू होकर शनिवार तक चलेगा। इसके लिए जिले में 1099 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा 36 ट्रांजिट टीमें और सात मोबाइल टीमें लगाई गई हैं। सभी बूथों पर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें तैनात रहेंगी, जिससे कोई बच्चा खुराक पीने से वंचित न रह जाए।

सीएमओ ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो का संक्रमण मौजूद है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा के लिए नियमित रूप से पोलियो अभियान चलाना जरूरी है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। पहले खुराक पी चुके बच्चों को भी अभियान के दौरान दोबारा दवा पिलाई जाएगी। इसका उद्देश्य जिले के किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रहने देना है।