संवाददाता@रामबली मिश्रा…
24 घंटे बाद शनिवार शाम खुला था जाम, रविवार अलसुबह से फिर थम गए वाहनों के पहिए

सिरसोती से नकटू तक राखड़ ढोने वाले वाहनों की लंबी कतार लगने से एक बार फिर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शनिवार को करीब 24 घंटे तक लगे जाम को किसी तरह शाम के समय खुलवाया गया था।

लेकिन रविवार की अलसुबह से ही रेणुकूट मुख्य मार्ग सहित सिरसोती पुनर्वास बाईपास पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते जाम ने विकराल रूप ले लिया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बताया जाता है कि सिरसोती से नकटू तक सड़क सिंगल होने के बावजूद राखड़ लदे वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा कर दिया जाता है। इसके चलते आवागमन बाधित हो जाता है। वहीं, हल्की बारिश के कारण कुछ कच्चे रास्तों पर कीचड़ हो जाने से भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके अलावा एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में वाहन चालकों के बीच अव्यवस्था बनी रही, जिससे जाम लगातार लंबा होता चला गया।

जाम का आलम यह रहा कि एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि राखड़ वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। बावजूद इसके अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और एनटीपीसी प्रबंधन से राखड़ वाहनों के संचालन के लिए ठोस व्यवस्था बनाने की मांग की है, ताकि आम राहगीरों, मरीजों और स्कूली बच्चों को बार-बार जाम की समस्या से निजात मिल सके।