मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संगोष्ठी आयोजित कर उनके व्यक्तित्व, विचारों और समाज के प्रति योगदान को याद किया गया।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों एवं असहाय लोगों को कंबल और मिष्ठान वितरित किया। वहीं युवाओं ने रक्तदान कर जनसेवा का संदेश दिया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि श्रद्धेय नेताजी गरीबों के मसीहा और समाजवादी चिंतक थे। उन्होंने हमेशा गरीबों, पिछड़ों और वंचितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष किया।

आरक्षण व्यवस्था को मजबूती देकर समाज के विभिन्न वर्गों को राजनीतिक भागीदारी का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि नेताजी के विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सभी वर्गों को साथ लेकर चल रहे हैं।

पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि नेताजी का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके संघर्ष और जनसेवा की भावना हमेशा समाजवादी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती रहेगी।

पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने राजनीति को हमेशा आम जनता की सेवा का माध्यम बनाया। उनके विचार और सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।

इस दौरान समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष सत्यम पांडेय, शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष अजीत मौर्य, अतुल दुबे, आदिल अंसारी और धीरज पाठक ने रक्तदान किया।

कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार यादव, मोहम्मद सईद कुरैशी, अनिल प्रधान, जयप्रकाश उर्फ चेखूर पांडेय, गीता गौर, अशोक पटेल, वेदमणि शुक्ला, फुलवंती गौड़, श्रीनारायण कुशवाहा, सुनील गौड़,

राजेश विश्वकर्मा, सरदार पारब्रह्म सिंह, कामरान खान, हिदायत उल्ला खान, लालू भारती और परशुराम यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।