मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..प्रार्थना सभा और मिस्सा-बलिदान के बाद नगर के प्रमुख मार्गों से निकला जुलूस

रॉबर्ट्सगंज नगर में रविवार को ईसाई समुदाय के लोगों ने राज राजेश्वर का पर्व श्रद्धा, विश्वास और उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर संत जोसेफ्स कॉन्वेंट में आयोजित कार्यक्रम में सोनभद्र जोन के सोनभद्र और मिर्जापुर जिले से आए लगभग 600 ईसाई धर्मावलंबियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन होने के बाद वाराणसी के फादर गुरु के नेतृत्व में सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इसके बाद रोमन कैथोलिक डायसिस इलाहाबाद के विकर जनरल फादर रेजिनाल्ड डिसूजा ने मिस्सा-बलिदान की धार्मिक विधि संपन्न कराई।

दोपहर में भोजन के बाद करीब दो बजे श्रद्धालुओं ने संत जोसेफ्स कॉन्वेंट से धार्मिक जुलूस निकाला। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सिविल लाइंस स्थित संत जेवियर्स चर्च परिसर पहुंचा। वहां अंतिम प्रार्थना के बाद समारोह का समापन हुआ।

इस दौरान संत जेवियर्स चर्च के पल्ली पुरोहित फादर आनंद केवी जॉन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन संत थॉमस चर्च के पल्ली पुरोहित फादर संतोष कुमार ने किया।

आयोजन में सोनभद्र जोन के डीन फादर टाइटस लोबो सहित ओबरा, असनाबांध, रिहंद नगर, अनपरा और शक्तिनगर के धर्मगुरुओं, धर्मबहनों तथा बड़ी संख्या में ईसाई धर्मावलंबियों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के आयोजन में संत जोसेफ्स कॉन्वेंट की प्रधानाचार्या सिस्टर किरण और संत जेवियर्स चर्च के पल्ली पुरोहित फादर आनंद केवी जॉन का विशेष योगदान रहा।