मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

राष्ट्रीय मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) की सोनभद्र जिला इकाई का गठन शनिवार को किया गया। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सोनभद्र में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) आईजेन भट्टाचार्य ने की। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री डॉ. सच्चिदानंद की उपस्थिति रही।

इकाई के गठन में प्रोफेसर (डॉ.) आईजेन भट्टाचार्य को संरक्षक, डॉ. राहुल को अध्यक्ष, हर्षित दुबे को सचिव तथा डॉ. अमित गुप्ता को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम में संगठन के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम है। संगठन का उद्देश्य चिकित्सकों और चिकित्सा विद्यार्थियों में नैतिकता, राष्ट्रभक्ति, मानवीय संवेदना एवं समाजसेवा की भावना विकसित करना है। इसके माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आईजेन भट्टाचार्य ने चिकित्सा विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से राष्ट्रसेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा मानवता की सेवा और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।

इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौमित चक्रवर्ती, डॉ. प्रशांत शुक्ला, डॉ. सुनील गौड़, डॉ. शिव कुमार यादव, डॉ. सुनील वर्मा और डॉ. अभिजीत सहित अनेक चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 100 चिकित्सा विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की। अंत में सभी ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और चिकित्सा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।