मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..मिर्गी अभिशाप नहीं, उपचार योग्य बीमारी है : डॉ. सुनील गोड़

राष्ट्रीय मिर्गी दिवस (17 नवंबर) के अवसर पर मेडिकल कॉलेज, लोढ़ी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनील गोड़ ने मिर्गी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और अंधविश्वासों को दूर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिर्गी कोई अभिशाप या दैवीय प्रकोप नहीं, बल्कि मस्तिष्क से जुड़ी एक सामान्य और उपचार योग्य न्यूरोलॉजिकल बीमारी है। जागरूकता, समय पर जांच और नियमित दवाओं से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं।

डॉ. गोड़ ने बताया कि मिर्गी में मस्तिष्क की विद्युत गतिविधियों में असामान्यता के कारण बार-बार दौरे पड़ते हैं। दौरे के दौरान मरीज बेहोश हो सकता है, शरीर में अकड़न आ सकती है या हाथ-पैरों में झटके लग सकते हैं। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनिया में करीब पांच करोड़ लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं। उचित उपचार से लगभग 70 प्रतिशत मरीजों में दौरे नियंत्रित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मिर्गी के दौरे को भूत-प्रेत या जादू-टोने से जोड़कर झाड़-फूंक कराने के बजाय मरीज को तत्काल चिकित्सकीय परामर्श दिलाना चाहिए। दौरा पड़ने पर मरीज को सुरक्षित स्थान पर करवट से लिटाएं, आसपास की कठोर और नुकीली वस्तुएं हटा दें तथा मुंह में चम्मच, कपड़ा या पानी बिल्कुल न डालें। यदि दौरा पांच मिनट से अधिक चले या लगातार दौरे पड़ें तो तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।

डॉ. गोड़ ने विशेष रूप से आगाह किया कि दौरे बंद होने पर भी डॉक्टर की सलाह के बिना दवा बंद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मिर्गी छुआछूत की बीमारी नहीं है। ऐसे मरीजों के साथ भेदभाव करने के बजाय उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन में समान अवसर देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मिर्गी दिवस का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और अंधविश्वास के स्थान पर वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है। मिर्गी से पीड़ित व्यक्ति को डर या भेदभाव नहीं, बल्कि सही उपचार, सहयोग और सम्मान की जरूरत है।