संवाददाता@आनंद गुप्ता…

डाक वितरण में भी लापरवाही, उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी
महुली, सोनभद्र। दुद्धी ब्लाक के महुली स्थित डाकघर की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पोस्ट ऑफिस खुलने और बंद होने का कोई निर्धारित समय नहीं है।

कभी दोपहर 12 बजे खुलता है तो कभी दो बजे से पहले ही बंद कर दिया जाता है। इससे जरूरी काम के लिए आने वाले उपभोक्ताओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ता है।

सोमवार को पोस्ट ऑफिस पहुंचे दीपक गुप्ता ने बताया कि वह डाकघर में आए एटीएम को लेने के लिए करीब डेढ़ बजे पहुंचे थे, लेकिन उस समय पोस्ट ऑफिस बंद होने की स्थिति में था। इसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं, महुली के कोटेदार वीरेंद्र कनौजिया ने बताया कि डाक से आने वाले पत्रों को डाककर्मी कोटेदार के पास छोड़कर चले जाते हैं। ऐसे में कई लोगों तक उनके जरूरी पत्र नहीं पहुंच पाते। कोटेदार के पास पत्र रखे रहने से किसी को मिल जाता है तो किसी को इसकी जानकारी तक नहीं हो पाती।
इसी तरह अमित कुमार ने बताया कि उनकी चेकबुक करीब 15 दिनों तक पोस्ट ऑफिस में पड़ी रही। जानकारी करने पर बताया गया कि 15 दिन पहले ही उसकी डिलीवरी हो चुकी है। जब वह डाकघर पहुंचे, तब उन्हें चेकबुक दी गई।

ग्रामीणों ने डाक विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर पोस्ट ऑफिस के खुलने और बंद होने का समय निर्धारित कराने तथा डाक वितरण व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है।