ब्यूरो@जे0 के0….

Sonbhadra। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को परेशान करने, गाली-गलौज करने, जान से मारने और उसकी निजी सामग्री वायरल करने की धमकी देने के मामले में पिपरी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने थाना पिपरी में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को शरद कुमार जायसवाल पुत्र नंदन कुमार जायसवाल मोबाइल फोन और फेसबुक मैसेंजर के जरिए लगातार परेशान कर रहा था।

आरोपी युवती के साथ गाली-गलौज करने के साथ ही जान से मारने और उसकी निजी सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर सामाजिक एवं पारिवारिक प्रतिष्ठा धूमिल करने की धमकी दे रहा था। इससे पीड़िता और उसका परिवार भयभीत था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 351(3), 352, 356(1) बीएनएस और 66E, 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 नवंबर 2026 को पुलिस ने आरोपी शरद कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी मुर्धवा, रेणुकूट स्थित कृष्ण मंदिर के पास रोटरी क्लब के निकट का निवासी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव और उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह शामिल रहे।