संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..
बनारस के मशहूर गायक विक्की छोटा पागल ने बांधा समां, भव्य झांकियों ने मोहा मन; अतिथियों ने जय बजरंग सेवा समिति की तैयारियों को सराहा

छठ महापर्व के पावन मौके पर रविवार की रात म्योरपुर की धरती पूरी रात भक्ति के रंग में सराबोर रही।जय बजरंग सेवा समिति की ओर से आयोजित भव्य देवी जागरण और झांकी कार्यक्रम में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय हो गया।

बनारस से पहुंचे चर्चित गायक विक्की छोटा पागल ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। ‘बम-बम बोल रहा है काशी’ समेत एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

कलाकारों की आकर्षक झांकियां कार्यक्रम का खास आकर्षण बनी रहीं। वहीं छठव्रती महिलाओं ने भी छठी मैया के पारंपरिक गीतों का आनंद लेते हुए पूरी रात भक्ति में समय बिताया।

अतिथियों का सम्मान, समिति के प्रयासों की हुई सराहना
कार्यक्रम में पूर्व विधायक हरिराम चेरो, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री अजित सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड़ और बसपा नेता संजय सिंह धुर्वे ,मोहरलाल खरवार ,समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। जय बजरंग सेवा समिति द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने आयोजन की भव्यता और बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए समिति अध्यक्ष गणेश जायसवाल और उनकी पूरी टीम के सेवा भाव की प्रशंसा की। श्रद्धालुओं और छठव्रती महिलाओं ने भी व्यवस्थाओं को लेकर समिति का आभार जताया।

कई वर्षों से आस्था के साथ सेवा का संकल्प निभा रही समिति
जय बजरंग सेवा समिति लगातार कई वर्षों से छठ महापर्व पर धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता और सेवा की मिसाल पेश कर रही है। छठव्रती महिलाओं की सुविधा और श्रद्धालुओं की व्यवस्था को लेकर समिति की पूरी टीम सक्रिय रहती है।

म्योरपुर में आयोजित इस देवी जागरण ने एक बार फिर साबित कर दिया कि धार्मिक आयोजन केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। कार्यक्रम की शानदार सफलता पर लोगों ने अध्यक्ष गणेश जायसवाल समेत समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी।