मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी….

स्थानीय सी तापीय परियोजना में सोमवार को कार्य के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक संविदा कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 54 वर्षीय गोविंद गौड़ पुत्र स्व मक्खन गौड़ निवासी सेक्टर 1 डी 257 परियोजना कॉलोनी ओबरा के रूप में हुई है।मृतक मूल रूप से ग्राम खमरिया, थाना चील्ह, जनपद मिर्जापुर का निवासी था।

घटना के बाद परियोजना परिसर में अफरा- तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह करीब 11 बजे सी तापीय परियोजना में क्लोरीन गैस रिसाव के दौरान गोविंद उसकी चपेट में आकर मौके पर ही अचेत हो गया|

मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल उसे परियोजना अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रॉबर्ट्सगंज रेफर कर दिया।

एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।बताया गया कि गोविंद पिछले करीब 20 वर्षों से विभिन्न कंपनियों के माध्यम से परियोजना में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था।वर्तमान में वह एसआईपीपीएल कंपनी के अंतर्गत ठेकेदार के एन प्रसाद के माध्यम से काम कर रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया।वही पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं।

उप पुलिस अधीक्षक प्रभात राय के अनुसार, किसी जहरीले गैस रिसाव के वजह से श्रमिक की मौत बताई जा रही है, मृतक का पीएम कराया जा रहा है।

करीब दो दशक से परियोजना में काम कर रहे श्रमिक की मौत से सहकर्मियों में भी शोक का माहौल है।