संवाददाता@उपेंद्र तिवारी……
शिवाजी तालाब सहित क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रातभर भक्ति गीतों से गूंजता रहा घाट परिसर

स्थानीय कस्बे के शिवाजी तालाब सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों के छठ घाटों पर सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का श्रद्धा और उल्लास के बीच समापन हो गया।

भोर होते ही व्रती महिलाएं और पुरुष तालाबों एवं जलाशयों में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और लोक कल्याण की कामना की। इसके साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान पूरा किया।

शिवाजी तालाब छठ घाट पर रविवार की पूरी रात भव्य देवी जागरण का आयोजन हुआ। इसमें व्रती महिलाओं, श्रद्धालुओं और श्रोताओं ने रातभर भक्ति गीतों का आनंद लिया। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और देवी स्तुति से पूरा घाट परिसर भक्तिमय बना रहा।

सोमवार की सुबह सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ तालाब घाट पर उमड़ पड़ी। व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की।

इस दौरान बजरंग अखाड़ा समिति के कार्यकर्ता छठ घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, रामलोचन तिवारी, रामपाल जौहरी, कन्हैयालाल अग्रहरि, सुरेंद्र गुप्ता, पंकज जायसवाल, दीपक शाह, मनीष जायसवाल, राकेश आजाद, आलोक अग्रहरि, सुनील जायसवाल, अविनाश गुप्ता, विष्णुकांत तिवारी, पवन सिंह, संदीप गुप्ता, कृपाशंकर अग्रहरि, पंकज अग्रहरि, प्रेम नारायण सिंह, सुमित सोनी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।