संवाददाता@उमेश सिंह…..
बहन और बहनोई को डूबता देख बचाने के लिए पानी में कूदा भाई, तीनों की गई जान; भूतहवा नाले के पास बिरनबहरा की घटना से गांव में मचा कोहराम

अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी ग्राम पंचायत अंतर्गत बिरनबहरा टोला में रविवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसे में तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में नहाने के दौरान बहन और बहनोई गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में भाई भी पानी में उतर गया और देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए।मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह तीनों बंधी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान नहाते समय बहन और बहनोई गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

दोनों को संकट में देख भाई उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और तीनों डूब गए।घटना की जानकारी होते ही

आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया। काफी प्रयास के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए।

मृतकों की पहचान 19 वर्षीय उर्मिला पुत्री राम प्रसाद, 15 वर्षीय राजू पुत्र राम प्रसाद और 22 वर्षीय अनिल शर्मा पुत्र रामकरन निवासी चिल्काडांड राजकिशन कालोनी शक्तिनगर के रूप में बताई गई है।

एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।हंसते-खेलते परिवार पर अचानक टूटे इस दुखों के पहाड़ से हर कोई स्तब्ध है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।