चुर्क संवाददाता@संजय सिंह…

आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए रामराज सिंह गोंड को लगातार चौथी बार सोनभद्र जिला कांग्रेस कमेटी का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, हाजी फरीद अहमद को दूसरी बार शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

13 नवंबर 2026 को हुई इस घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने पुनः जिम्मेदारी सौंपने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने राष्ट्रीय नेता सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा तथा प्रयागराज जोन प्रभारी वरुण चौधरी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

रामराज सिंह गोंड ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। संगठन को और अधिक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। वहीं, हाजी फरीद अहमद को दोबारा शहर अध्यक्ष बनाए जाने को भी संगठन में निरंतरता और नेतृत्व के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।

दोनों नियुक्तियों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।