संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की छठी मइया की आराधना, घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

सोनभद्र और सिंगरौली की सीमा पर स्थित ऊर्जांचल क्षेत्र में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया की आराधना किया।

छठ घाट पर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना किया। पारंपरिक छठ गीतों, भक्ति संगीत और जय छठी मइया के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल सहित विभिन्न पूजन सामग्री सजाकर श्रद्धालुओं ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया।

ऊर्जांचल के प्रमुख छठ घाटों पर दोपहर से ही तैयारियां और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। एनसीएल खड़िया स्थित चैतन्य वाटिका छठ घाट, एनटीपीसी चिल्का झील, खड़िया बाजार, कोहरौल शिव मंदिर, बीना राम-जानकी मंदिर, जयंत रोज गार्डन तथा एनटीपीसी विंध्यनगर पार्क सहित विभिन्न घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

घाटों पर आकर्षक सजावट, रोशनी और साफ-सफाई के बीच व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना किया। परिवार के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी घाटों पर पहुंचकर पूजा में सहभागिता की तथा व्रतियों का सहयोग किया। छठ पर्व के आयोजन से पूरे ऊर्जांचल क्षेत्र में उत्सव और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

चार दिवसीय छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रती अपना निर्जला व्रत पारण करेंगे।

शक्तिनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय के नेतृत्व मे स्थानीय पुलिस सहित एनसीएल खड़िया और एनटीपीसी सिंगरौली सुरक्षा विभाग मय सुरक्षा बल के साथ छठ घाटों पर मुस्तैद रहा।