संवाददाता@रामबली मिश्रा…..
अस्ताचलगामी सूर्य को व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य, सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर करेंगी व्रत का पारण


लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ क्षेत्र में बड़े ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।दीपक प्रज्ज्वलित कर दऊरा में फल मीठा,पकवान के साथ बेदी पर पहुंची व्रती महिलाये अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार और समाज के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना की।

पर्व को लेकर क्षेत्र के अजीरेश्वर मंदिर,बीजपुर बाजार,माता दूध इया,बेड़ियां हनुमान मंदिर,सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समितियों द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे।ध्वनिविस्तारक यंत्र की धुन पर छठी मैया के गीतों से इलाका गुलजार रहा।

रविवार को व्रती महिलाएं सायंकाल घंटों पहले ही जलाशयों और सरोवरों में पहुंच गईं। इसके बाद पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की।

अर्घ्य देने के बाद कुछ श्रद्धालु अपने घर लौट गए, जबकि कई व्रती महिलाएं घाटों पर बने अपने बेदी के समीप दीपक जलाकर रातभर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा में आराधना करती रहीं।

इस दौरान विभिन्न छठ घाटों पर रातभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। छठी मइया के भक्तिमय गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। पूजा समितियों द्वारा घाटों पर प्रकाश, साफ-सफाई, टेंट सहित श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

वहीं पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद विधि-विधान से व्रत का समापन पारण कर करेंगी।